गरियाबंद पुलिस की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई 16 लाख 50 हजार रुपये के अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 33 किलो गांजा और इक्को वाहन जब्त
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोतवाली गरियाबंद पुलिस की कार्रवाई में 33 किलोग्राम अवैध गांजा, एक मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी इक्को वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 20 लाख 08 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली गरियाबंद को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी इक्को वाहन क्रमांक UP-32-MK-6731 में अवैध गांजा लेकर कुछ तस्कर देवभोग-मैनपुर मार्ग से गरियाबंद की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
पुलिस द्वारा भिलाई तिराहा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध इक्को वाहन वहां पहुंची। पुलिस टीम को देखकर वाहन चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर घेराबंदी की और वाहन को पकड़ लिया।
वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम वीर बहादुर सिंह, पिता श्याम बहादुर सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी पुलिस लाइन क्षेत्र, थाना कोतवाली सीतापुर, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) बताया। वहीं दूसरे आरोपी ने अपना नाम शकील सिद्दीकी, पिता मोहम्मद गनी, उम्र 45 वर्ष, निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना राजकोट, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) बताया।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग रंगों के बैगों के भीतर खाकी टेप से लिपटे कुल 7 पैकेट बरामद किए गए। मौके पर गवाहों के समक्ष तौल करने पर इन पैकेटों में कुल 33 किलोग्राम गांजा पाया गया। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी इक्को वाहन भी जब्त किया गया। वाहन की कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 20 लाख 08 हजार रुपये पहुंचती है।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

0 Comments
Post a Comment