कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार "उजियारा अभियान" के तहत सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, 2.25 लाख रुपये के मोबाइल जब्त

0

कांकेर। कांकेर जिले में अवैध जुआ, ऑनलाइन सट्टा और बेटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे "उजियारा अभियान" के तहत कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली कांकेर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आईपीएल क्रिकेट ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सायबर सेल) दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांकेर शहर के ज्ञानी चौक स्थित माखन भोग होटल के पास कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आईपीएल क्रिकेट मैचों एवं ऑनलाइन कैसीनो गेम में हार-जीत का दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे (IPS) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से अमीन खान, मनीष कावडे, सलमान मेमन और रिजवान फारूकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने आईपीएल क्रिकेट और अन्य ऑनलाइन गेम्स में सट्टा खेलने की बात स्वीकार की। मामले की विवेचना आगे बढ़ाने पर राहुल गिडलानी, अमन खटवानी एवं एक विधि से संघर्षरत बालक का नाम भी सामने आया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा खेलने और खिलाने के लिए आईडी उपलब्ध कराते थे तथा अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 8 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 (2) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

अमीन खान निवासी श्रीरामनगर, कांकेर मनीष कावडे - निवासी शिवनगर, कांकेर सलमान मेमन - निवासी शिवनगर, कांकेर रिजवान फारूकी - निवासी शीतलापारा, कांकेर राहुल गिडलानी - निवासी आदर्श नगर, कांकेर अमन खटवानी - निवासी आदर्श नगर, कांकेर एक विधि से संघर्षरत बालक

पुलिस के अनुसार आरोपी अमन खटवानी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 एवं 2024 में उसके खिलाफ अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध किए जा चुके हैं।

इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी, उपनिरीक्षक मनोरथ जोशी, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह श्याम, आरक्षक ईश्वर साहू, रामप्रसाद साहू, शैलेन्द्र चतुर्वेदी, ज्ञान सिंह ठाकुर एवं प्रणय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से ऑनलाइन सट्टा, बेटिंग एवं साइबर माध्यम से संचालित अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर देने को कहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment