कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
कांकेर। कांकेर और नारायणपुर जिले के सीमावर्ती जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग कार्रवाई में नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है। इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त अभियान पुलिस, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड), बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) और बीडीएस (बम डिस्पोजल स्क्वॉड) की टीम द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाया गया। सीमावर्ती इलाकों में लगातार सर्चिग अभियान चलाकर नक्सल गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पहली कार्रवाई 22 मई को थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र में की गई पल्लाहूर और जपमरका गांव के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिग के दौरान जवानों को नक्सलियों का एक डम्प मिला। तलाशी लेने पर वहां से कंट्रीमेड बीजीएल लॉन्चर, 25 बीजीएल सेल, गन पाउडर, सुतली बम, नक्सली वर्दी, वायर, मेडिकल किट सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
दूसरी कार्रवाई 23 मई को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में हुई। मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर गांव के बीच जंगल इलाके में सर्चिग के दौरान जवानों ने 3 रायफल, बीजीएल लॉन्चर, बीजीएल सेल, बारूद, नक्सली वर्दी तथा बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक और नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए।
सुरक्षा बलों ने बरामद सभी सामग्री को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
लगातार चल रही इस कार्रवाई से नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा बलों का कहना है कि जंगल क्षेत्रों में छिपे नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और इलाके में शांति का माहौल बना रहे।

0 Comments
Post a Comment