यात्री बस किराया वृद्धि वापस लेने की मांग, शिवसेना ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, डीजल में अनुदान एवं टैक्स में आम जनता को राहत देने की मांग
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*कांकेर ग्रामीण*
छत्तीसगढ़ में यात्री बसों के किराए में प्रति किलोमीटर 50 पैसे की वृद्धि किए जाने के विरोध में शिवसेना ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से किराया वृद्धि वापस लेने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश महासचिव चंद्रमौली मिश्रा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आम जनता को राहत देने की अपील की है।
पत्र में चंद्रमौली मिश्रा ने कहा है कि वर्तमान समय में देश की जनता गरीबी और महंगाई से परेशान है। ऐसे में यात्री बसों के किराए में प्रति किलोमीटर 50 पैसे की बढ़ोतरी होने से प्रदेश के लाखों यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। रोजमर्रा के कामकाज, रोजगार, शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए बसों से यात्रा करने वाले लोगों को इस वृद्धि के कारण अधिक खर्च करना पड़ेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि यात्री बस संचालकों को राहत देने के लिए डीजल पर अनुदान और टैक्स में रियायत प्रदान की जाए, ताकि बस संचालकों पर आर्थिक दबाव कम हो और यात्रियों को बढ़े हुए किराए से राहत मिल सके।
शिवसेना (उबाठा) ने मांग की है कि सरकार यात्री बसों के किराए में की गई वृद्धि को वापस लेने के लिए आवश्यक कदम उठाए। पार्टी का कहना है कि सरकार की ओर से बस संचालकों को आर्थिक सहायता मिलने से आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने की आवश्यकता कम हो सकती है।
चंद्रमौली मिश्रा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि आम जनता की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस मामले में शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिले और प्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित होती रहे।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें