नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, सरगुजा पुलिस ने प्रेस ब्रीफिंग में किया बड़ा खुलासा
अंबिकापुर। बहुचर्चित नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राहुल बंसल ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में छिपने की कोशिश कर रहा था, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार तकनीकी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से निगरानी कर रही थी। जांच के दौरान आरोपी के बैंक ट्रांजैक्शन, विभिन्न लोगों के मोबाइल फोन का उपयोग कर अपने घर पर की गई बातचीत तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने पटना (बिहार) में दबिश देकर आरोपी को उसकी एक महिला मित्र के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि इस मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार आक्रोश का माहौल था। ग्रामीण कई दिनों से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं, गुरुवार को सर्व आदिवासी समाज ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें