भानुप्रतापपुर में बाहरी व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज, व्यापारी संघ ने दिया अल्टीमेटम

0


*TOP NEWS छत्तीसगढ़ भानुप्रतापपुर से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*

*भानुप्रतापपुर*

नगर के मुख्य चौक से लेकर विभिन्न मार्गों पर सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाने वाले बाहरी व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग जोर पकड़ने लगी है। इसी को लेकर व्यापारी संघ भानुप्रतापपुर ने नगर पंचायत एवं थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

व्यापारी संघ का आरोप है कि बाहर से आए कई लोग बिना जीएसटी पंजीयन, बिना आधार कार्ड तथा बिना किसी स्थानीय पहचान के सड़कों पर जूते-चप्पल, कपड़े, बर्तन, खिलौने, इलेक्ट्रॉनिक सामान और फर्नीचर सहित विविध सामग्री बेच रहे हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों के व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

संघ के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 450 दुकानें पंजीकृत हैं, जिनमें से करीब 250 व्यापारी किराए की दुकानों में अपना व्यापार संचालित कर रहे हैं। लगातार बढ़ रही अवैध अस्थायी दुकानों के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग, सरकारी अस्पताल और महत्वपूर्ण शासकीय भवनों के सामने लगने वाले अस्थायी ठेले न केवल अवैध हैं, बल्कि यातायात अवरुद्ध कर रहे हैं, जिससे नागरिकों को आवागमन में गंभीर कठिनाई हो रही है।

व्यापारी संघ का कहना है कि इन अवैध दुकानों से शासन को किसी भी प्रकार का राजस्व प्राप्त नहीं हो रहा है, क्योंकि ये बाहरी व्यापारी बिना बिल और बिना अनुमति के खुलेआम व्यापार कर रहे हैं। जबकि स्थानीय व्यापारी नगर पंचायत के सभी नियमों का पालन करते हुए व्यापार करते हैं।

आवेदन में संघ ने मांग की है कि सड़क किनारे लगाए गए सभी बाहरी व्यापारियों को तत्काल हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 1 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की जाती, तो व्यापारी संघ धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment