प्रशासन की सुपुर्दगी से गायब हुई सैकड़ों ट्रक जप्त रेत, दुर्गूकोंदल में रेत माफिया का दुस्साहस का हुआ उजागर
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ भानुप्रतापपुर से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*भानुप्रतापपुर*
दुर्गूकोंदल विकासखंड में रेत माफिया ने प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए शासन द्वारा जप्त की गई सैकड़ों ट्रक रेत को रातों-रात गायब कर दिया। यह मामला न सिर्फ अवैध रेत उत्खनन से जुड़ा है, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और माफिया के बढ़ते हौसलों पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।
वर्ष 2024 में गुलाल बोडी गांव में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन के बाद तहसीलदार दुर्गूकोंदल द्वारा जप्त रेत को ग्राम पंचायत चिहरो के सुपुर्द किया गया था। लेकिन बीते दिनों सुपुर्दनामे में पड़ी पूरी रेत रहस्यमय ढंग से चोरी हो गई। वर्तमान में डंप स्थल पर रेत का एक कण तक मौजूद नहीं है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस सनसनीखेज चोरी की जानकारी ग्राम पंचायत चिहरो के सरपंच, तहसील कार्यालय के जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों और खनिज विभाग को तक नहीं है। इससे यह संदेह और गहरा हो गया है कि क्या यह केवल चोरी है या फिर पूर्व नियोजित मिलीभगत।
सरकारी संपत्ति पर माफिया की इस खुली सेंधमारी ने यह साबित कर दिया है कि दुर्गूकोंदल क्षेत्र में रेत तस्कर शासन से भी ऊपर खुद को समझने लगे हैं। रातों-रात सैकड़ों ट्रक रेत का गायब होना बिना स्थानीय संरक्षण के संभव नहीं माना जा रहा है।
मामले पर जिला कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और एफआईआर दर्ज की जाएगी। साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि सुपुर्दगी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई।
अब सवाल यह है कि
क्या रेत माफिया पर वास्तव में शिकंजा कसेगा?
या फिर यह मामला भी अन्य घोटालों की तरह फाइलों में दबा दिया जाएगा।


0 Comments
Post a Comment