होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती: 11 किलो मिठाई नष्ट, 7 व्यापारियों को नोटिस
कांकेर। त्यौहारी सीजन को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार होली पर्व एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कांकेर, चारामा, भानुप्रतापपुर, कोयलीबेड़ा, अंतागढ़ और नरहरपुर क्षेत्रों के मिठाई दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों एवं अन्य खाद्य विनिर्माता इकाइयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिठाई, पनीर, दूध, दही, नमकीन, आटा, बेसन, मैदा, सूजी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
कार्रवाई के दौरान अमानक पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। लगभग 11 किलोग्राम से अधिक मिठाइयों—जिनमें पेड़ा, कलाकंद, मोतीचूर लड्डू और खोया शामिल थे—का विनष्टीकरण कराया गया। साथ ही संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी गई। कुल 7 व्यापारियों को तत्काल सुधार के लिए नोटिस थमाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त लड्डू, कलाकंद, सूजी, तेल, नमकीन, बर्फी, रसगुल्ला, मलाई पेड़ा और काजू कतली के नमूने लेकर परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उपभोक्ताओं से अपील
विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि खुले और अत्यधिक रंगयुक्त खाद्य पदार्थों से परहेज करें। खाद्य सामग्री खरीदते समय लेबल, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि अवश्य जांचें। किसी भी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता संबंधी शिकायत होने पर विभाग को सूचना दें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।



0 Comments
Post a Comment