सुभाषपारा खेल मैदान के विकास की शुरुआत, बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए हुआ भूमि पूजन

0


*TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*

*भानुप्रतापपुर* 

नगर के सुभाषपारा खेल मैदान में लंबे समय से प्रस्तावित बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य की बुधवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ शुरुआत कर दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में भूमि पूजन संपन्न हुआ, जिसके बाद मैदान परिसर में जेसीबी मशीन से खुदाई का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया।

नगर पंचायत के अनुसार मैदान की सुरक्षा, सुव्यवस्था और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्य शुरू किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाउंड्री वॉल बनने से मैदान सुरक्षित रहेगा और बच्चों व युवाओं के लिए खेलकूद की गतिविधियां और बेहतर तरीके से संचालित हो सकेंगी।

इधर कुछ पार्षदों द्वारा इस निर्माण कार्य को लेकर आपत्ति जताते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है। पार्षदों का आरोप है कि परिषद की जानकारी के बिना बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया है। हालांकि नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि परिषद की बैठकों में इस विषय पर चर्चा की जा चुकी है और निविदा प्रक्रिया भी नियमानुसार पूरी की गई है।


अध्यक्ष ने कहा कि संबंधित पार्षद परिषद की बैठकों में उपस्थित रहे हैं, इसके बावजूद अब इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्यों को राजनीति से ऊपर रखकर देखना चाहिए।बाउंड्री वॉल निर्माण से मैदान सुरक्षित होगा, अतिक्रमण की संभावना खत्म होगी और बच्चों व युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत विकास कार्यों को पूरी पारदर्शिता के साथ कर रही है और किसी भी तरह की राजनीति से प्रभावित हुए बिना नगर हित में निर्णय लिए जा रहे हैं।

वहीं नरोत्तम चौहान ने बताया कि पिछले कार्यकाल में जब नगर पंचायत में कांग्रेस का कार्यकाल था, उस समय भी सुभाषपारा मैदान में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिन पार्षदों द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है, वे उस समय भी परिषद का हिस्सा थे।ऐसे में अब विरोध करना उनकी दोहरी भूमिका को दर्शाता है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment