कोयलीबेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई 1.11 लाख की संपत्ति जब्त, अवैध शराब परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार
कांकेर। अंतागढ़ उजियारा अभियान के तहत कोयलीबेड़ा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 144.600 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर, 600 रुपये नकद तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त इंडिका वाहन क्रमांक CG 04 HC 1986 बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1,11,080 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 05 पेटी ग्रांड कोलंबिया, 04 पेटी शीम्बा बीयर तथा 09 पेटी प्रेसिडेंट 5000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर बरामद की गई।
मामले में पुलिस ने मोहनलाल नेताम (36) एवं भगत सिंह ताम्रकार (39), दोनों निवासी डुमरकोट क्षेत्र को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अंतागढ़ संतोष कुमार जैन के पर्यवेक्षण में कोयलीबेड़ा पुलिस एवं साइबर सेल की टीम द्वारा की गई।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें