गढ़िया पहाड़ पर पशु-पक्षियों के लिए जलपात्र रखे,“जन सहयोग” की पहल
कांकेर। भीषण गर्मी को देखते हुए शहर की सुप्रसिद्ध समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” द्वारा गढ़िया पहाड़ पर पशु-पक्षियों के लिए जलपात्र रखने की पहल की गई। संस्था के सदस्यों ने रविवार सुबह पहाड़ पर पहुंचकर ऐसे स्थानों पर जलपात्र रखे, जो सोनई-रूपई तालाब से दूर हैं, ताकि वहां रहने वाले पशु-पक्षियों को पानी की कमी न हो।
जानकारी के अनुसार गढ़िया पहाड़ के शिखर पर केवल एक ही तालाब है, जबकि यहां विभिन्न प्रकार के पशु-पक्षी बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए “जन सहयोग” संस्था ने पहाड़ के सूखे स्थानों में जलपात्र रखने का निर्णय लिया और आज से इसकी शुरुआत की गई।
संस्था द्वारा शहर में भी पिछले कई वर्षों से पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नागरिकों के बीच सकोरे वितरित करने का अभियान चलाया जा रहा है। संस्था का मानना है कि जीवित रहने के लिए शुद्ध वायु और जल सबसे अधिक आवश्यक हैं तथा किसी भी मानव या पशु-पक्षी को पानी पिलाना अत्यंत पुण्य का कार्य है।
“जन सहयोग” ने नागरिकों से अपील की है कि आने वाले तीन-चार महीनों की गर्मी के दौरान अपने घरों की छत या आंगन में पक्षियों के लिए सकोरे या जलपात्र अवश्य रखें और संभव हो तो थोड़ा दाना भी डालें, ताकि मूक पक्षियों को भी राहत मिल सके।
इस पुनीत कार्य में संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के साथ डॉ. श्याम देव, राजेश चौहान, संजय कुंजाम, शैलेंद्र देहारी सहित अन्य समाजसेवियों ने सहयोग किया। संस्था ने बताया कि आम नागरिकों के बीच जलपात्र वितरण का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


0 Comments
Post a Comment