कौशल परीक्षा के 4 घंटे के भीतर पंचायत सचिव भर्ती की मेरिट सूची जारी, पारदर्शिता पर जोर

0

 


कांकेर | 05 अप्रैल 2026


जिला पंचायत कांकेर द्वारा ग्राम पंचायत सचिव के 18 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत आज आयोजित कौशल परीक्षा के तुरंत बाद ही मेरिट सूची जारी कर दी गई। पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से परीक्षा के महज 4 घंटे के भीतर सूची जारी कर दी गई, जिसे जिला प्रशासन की त्वरित कार्यशैली के रूप में देखा जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, आईटीआई माकड़ी में आयोजित इस कौशल परीक्षा में कुल 81 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले 84 अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर कौशल परीक्षा के लिए बुलाया गया था। यह मेरिट हायर सेकेंडरी (12वीं) के अंकों के 50% वेटेज, स्नातक/स्नातकोत्तर के 10 अंक, ग्रामीण विकास कोर्स के 10 अंक और रोजगार सहायक के रूप में 5 अंक के अनुभव के आधार पर तैयार की गई थी।


कौशल परीक्षा के लिए निर्धारित 25 अंकों के आधार पर अब अंतिम मेरिट सूची तैयार की गई है, जिसमें सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। जारी विज्ञापन के अनुसार, वर्गवार रोस्टर के आधार पर अंतिम चयन सूची भी शीघ्र जारी की जाएगी।


मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कांकेर, हरेश मंडावी ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी रखने के लिए ही कौशल परीक्षा के दिन ही मेरिट सूची जारी की गई है। अभ्यर्थी जिला कांकेर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर मेरिट सूची देख सकते हैं।


इस त्वरित कार्रवाई से अभ्यर्थियों में पारदर्शिता को लेकर भरोसा बढ़ा है और भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से पूर्ण करने की दिशा में प्रशासन की पहल सराहनीय मानी जा रही है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment