कोठली–भालूपानी सड़क निर्माण में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
लोकेशन,बलरामपुर
रिपोर्टर सादाब अंसारी
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कोठली से भालूपानी तक सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। इस परियोजना की स्वीकृत लागत लगभग 6 करोड़ 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य 15 मार्च 2024 से प्रारंभ होकर 30 मार्च 2025 तक पूर्ण किया जाना था, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बावजूद कार्य आज तक अधूरा पड़ा है। वहीं, जो कार्य किया भी जा रहा है, उसकी गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। बुलडोजर से मिट्टी डालकर उसके ऊपर सीमेंट का घोल डालकर सतह को समतल किया जा रहा है, जिससे सड़क की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि निर्माण स्थल पर किसी इंजीनियर की नियमित निगरानी नहीं हो रही है।
ग्रामीणों ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि खुलेआम भ्रष्टाचार किया जा रहा है। जब इस संबंध में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल रवैया अपनाया।
यह सड़क विशेष रूप से कोरवा समाज के घरों तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाई जा रही है, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए योजना का उद्देश्य अधूरा ही नजर आ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए।


0 Comments
Post a Comment