जमीन की रकम के लालच में बुजुर्ग की हत्या का खुलासा, 8 माह बाद सुलझा अंधे कत्ल का राज, सरपंच समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

0

कांकेर। कांकेर जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्बा चौकी पुलिस ने आठ माह पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए सनसनीखेज खुलासा किया है। इस मामले में गांव के सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन बिक्री से मिली लाखों रुपये की रकम हड़पने और राज खुलने के डर से आरोपियों ने एक बुजुर्ग की शराब में जहर मिलाकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, ग्राम झुमरपाली निवासी मिलन पटेल (75 वर्ष) की 29 जुलाई 2025 को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में मामला सामान्य जहर सेवन का प्रतीत हुआ, जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पुत्री मंगली बाई ने बताया कि उनके पिता ने जमीन बिक्री से मिली बड़ी रकम गांव के सरपंच के घर रखी थी। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने गहराई से जांच की और पूरे मामले का खुलासा हुआ।

जांच में पता चला कि मृतक ने अपनी जमीन करीब 16 लाख 50 हजार रुपये में बेची थी। इस रकम पर गांव के सरपंच कंशराम नेताम, सोनाराम सिन्हा, वतन पटेल और बिहारी लाल शोरी की नजर थी। आरोपियों ने बुजुर्ग को कम रकम देकर बाकी पैसे हड़पने की योजना बनाई थी। जब उन्हें लगा कि मामला खुल सकता है, तब हत्या की साजिश रच डाली गई।

27 जुलाई 2025 को आरोपियों ने मिलन पटेल को सरपंच के घर बुलाया और शराब में जहर मिलाकर पिला दिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना को सामान्य मौत बताकर दबाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की लगातार जांच और पूछताछ में पूरा सच सामने आ गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू ने बताया कि जांच में मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी साजिश गांव के सरपंच कंशराम नेताम ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंशराम नेताम, वतन पटेल, सोनाराम सिन्हा और बिहारी लाल शोरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। आठ माह पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझने के बाद पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज है। पुलिस ने कहा कि मामले की आगे की जांच अभी जारी है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment