नरहरपुर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन, भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिया स्वच्छता का संदेश
नरहरपुर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवा, सुशासन, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के अंतर्गत नरहरपुर नगर के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
भारतीय जनता पार्टी जिला कांकेर के निर्देशानुसार तथा भाजपा मंडल नरहरपुर के अध्यक्ष श्री संतोष भास्कर के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व मंडल संयोजक श्रीमती रेवती सिन्हा एवं सह-संयोजक श्रीमती लीला सिन्हा ने किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरण करना तथा नगरवासियों को स्वच्छ भारत अभियान से जोड़ना रहा।
स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रारंभ किया गया "स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत" अभियान आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है। स्वच्छता से न केवल बीमारियों की रोकथाम होती है, बल्कि एक स्वस्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
कार्यक्रम में भाजपा परिवार के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से संतोष कुमार भास्कर, रेवती सिन्हा, उमा सिन्हा, ऊषा सिन्हा, सुशीला सिन्हा, लीला सिन्हा, मुकेश संचेती, रामेश्वर साहू, तरुण निषाद, डायमंड सिन्हा, राजेश नाग, योगेश सोनबंसी एवं देविन देव निषाद ने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों से यह संकल्प लेने का आग्रह किया गया कि वे स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएंगे और राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण अभियान में निरंतर योगदान देते रहेंगे।
"आइए, स्वच्छता को जन-जन का संस्कार बनाएं और राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में अपना योगदान दें।"

0 Comments
Post a Comment