अस्पताल में जुआ खेलने वाले दो कर्मचारी बर्खास्त, तीन निलंबित, 11 लोगों पर हुई कार्रवाई

0
कांकेर। चारामा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जुआ खेलते पकड़े गए अस्पताल कर्मचारियों के खिलाफ जिला स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने दो संविदा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त (बर्खास्त) कर दी हैं, जबकि तीन नियमित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 20 जुलाई को चारामा पुलिस को सूचना मिली थी कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शेड में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापेमार कार्रवाई की, जहां से कुल 11 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया। इनमें अस्पताल के कई कर्मचारी भी शामिल थे।

घटना के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संविदा कर्मचारी धनंजय बंसोड़ और ईश्वर नेताम को बर्खास्त कर दिया। वहीं नियमित कर्मचारी प्रकाश सिन्हा, गोविंद जुरी तथा अरुण मंडावी को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से ₹31,510 नकद, 2 कार, 3 मोटरसाइकिल, 9 मोबाइल फोन तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए थे। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं-शिवदत्त निषाद (31 वर्ष, निवासी शाहवाड़ा), देवेंद्र कुमार सेन (30 वर्ष, निवासी शाहवाड़ा), खेमलाल गजेन्द्र (59 वर्ष, निवासी अरीद), वीरेंद्र मेश्राम (40 वर्ष, निवासी शाहवाड़ा), देवप्रसाद उईके (52 वर्ष, निवासी पलेवा), ईश्वर नेताम (35 वर्ष, निवासी ढेलकाबोड़, कांकेर), इंद्रजीत रामटेके (35 वर्ष, निवासी शाहवाड़ा), प्रकाश सिन्हा (32 वर्ष, निवासी रुद्री, धमतरी), गोविंद जुरी (40 वर्ष, निवासी अलबेलापारा, कांकेर), महेंद्र निषाद (35 वर्ष, निवासी अकलाडोंगरी, धमतरी) तथा अरुण मंडावी (36 वर्ष, निवासी शाहवाड़ा)।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी संस्थानों में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की वैधानिक जांच आगे भी जारी रखे हुए है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें