नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार, नरहरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

0

नरहरपुर। कांकेर जिले की नरहरपुर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कांकेर श्री मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई की गई।

मामले के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को थाना नरहरपुर में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल लेकर गई थी, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस द्वारा पीड़िता का कथन दर्ज किया गया। पीड़िता ने बताया कि परमेश मंडावी (19 वर्ष), निवासी नरसिंहपुर, थाना कोरर ने उसे बहला-फुसलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 157/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 64(2)(m), 65 (1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकाने पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमेश मंडावी (19 वर्ष), पिता बैशाखू मंडावी, निवासी नरसिंहपुर, थाना कोरर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, उप निरीक्षक पीयूष कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक पल्टूराम मंडावी, आरक्षक मनोज ध्रुव, आरक्षक रैन कुमार जैन तथा महिला आरक्षक सरिता गोटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, अवैध गतिविधियों अथवा किसी भी संदिग्ध आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल कांकेर पुलिस अपराध हेल्पलाइन 94791-55125 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment