कटहल के लालच में 20 फीट गहरे कुएं में गिरा भालू, 15 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित निकाला गया

0

कोरबा। कटहल खाने के लिए पेड़ पर चढ़ा एक भालू अचानक ग्रामीणों के शोर से घबरा गया और संतुलन बिगड़ने के कारण करीब 20 फीट गहरे खुले कुएं में जा गिरा। घटना कोरबा जिले के केंदई वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिंदिया की है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद भालू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

वन विभाग के लिए यह बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। सबसे पहले ग्रामीणों को कुएं के आसपास से हटाया गया, ताकि शोर-शराबे के कारण भालू और अधिक तनावग्रस्त न हो। इसके बाद जेसीबी की मदद से कुएं के किनारे मिट्टी की ढलान बनाई गई और बाहर निकलने के लिए बांस की सीढ़ी लगाई गई। देर रात भालू ने सावधानीपूर्वक सीढ़ी और ढलान का सहारा लिया, कुएं से बाहर निकला और बिना किसी को नुकसान पहुंचाए सीधे जंगल की ओर लौट गया।

वन अधिकारियों ने बताया कि पूरे रेस्क्यू अभियान के दौरान भालू पूरी तरह सुरक्षित रहा और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई। अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने पर वन विभाग की टीम ने राहत की सांस ली।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव कुएं, गड्ढे या अन्य किसी स्थान पर फंसा हुआ दिखाई दे, तो उसे स्वयं बाहर निकालने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें और मौके पर भीड़ न लगाएं, ताकि बचाव अभियान सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें