67 किलो से अधिक गांजा तस्करी मामले का फरार आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, कांकेर पुलिस की 'उजियारा अभियान' के तहत बड़ी कार्रवाई

0
गौरव शोरी, नरहरपुर। कांकेर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'उजियारा अभियान' के तहत कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 67.380 किलोग्राम गांजा तस्करी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप गिहार (22 वर्ष), निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।  
  
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को थाना नरहरपुर क्षेत्र में सूचना मिली थी कि एक क्रेटा वाहन में अवैध गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने भारतमाला मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वाहन चालक तेज रफ्तार से भागने लगा, लेकिन ग्राम डब्बीपानी के पास वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद वाहन में सवार आरोपी मौके से फरार हो गए।  
  
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर तीन बोरियों में रखे 13 पैकेटों से 67.380 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 33.69 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने लगभग 10 लाख रुपये मूल्य की क्रेटा कार तथा दो अतिरिक्त नंबर प्लेट भी जब्त की। मामले में कुल जब्ती का मूल्य करीब 43.69 लाख रुपये बताया गया है।  
  
इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि एक आरोपी फरार चल रहा था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी उत्तर प्रदेश के बदायूं में छिपा हुआ है। इसके बाद थाना नरहरपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे कांकेर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।  
  
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना नरहरपुर एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125, डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाना को दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।  
  
कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें