चारामा में नेचर पार्क के सामने स्थापित हुआ “ट्री एटीएम”, नागरिकों को निःशुल्क मिलेंगे पौधे

0

कांकेर। हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने और जनसहभागिता से वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वनमंडल कांकेर के अंतर्गत चारामा परिक्षेत्र में नेचर पार्क जैसाकर्रा, चारामा के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने “ट्री एटीएम” की स्थापना की गई है। इस अभिनव पहल के माध्यम से वर्षा ऋतु के वर्तमान रोपण सत्र में किसानों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य इच्छुक नागरिकों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

ट्री एटीएम में स्थानीय जलवायु के अनुरूप विभिन्न प्रजातियों के फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे उपलब्ध कराए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति अपनी आवश्यकता के अनुसार पौधे प्राप्त कर उन्हें अपने खेतों, घरों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर रोपित कर सकते हैं। वन विभाग की यह पहल वृक्षारोपण को सरल, सुलभ और जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

वन विभाग ने किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल का अधिकतम लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाएँ तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लें। विभाग का मानना है कि जनसहभागिता से क्षेत्र का हरित आवरण बढ़ेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं संतुलित पर्यावरण का निर्माण सुनिश्चित होगा।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment