भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख को भावभीनी विदाई, नवागत अंबर सिंह भारद्वाज का आत्मीय स्वागत

0
भानुप्रतापपुर। नगर के प्रेस क्लब में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भानुप्रतापपुर थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख को राजनांदगांव स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई। वहीं, नवपदस्थ थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

समारोह में नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। वक्ताओं ने अपने संबोधन में रामेश्वर देशमुख के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं समन्वय को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल, सौम्य एवं कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व तथा निष्पक्ष कार्यशैली की सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि रामेश्वर देशमुख को उनकी वीरता एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि को भानुप्रतापपुर की जनता ने अपना सम्मान बताते हुए उनके कार्यकाल को सदैव यादगार बताया।

इस अवसर पर नवागत थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के प्रति भी विश्वास व्यक्त करते हुए उपस्थित जनों ने उनसे जनसहयोग, संवेदनशील पुलिसिंग और बेहतर कानून-व्यवस्था की परंपरा को आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में एसडीओपी शेर बहादुर सिंह, नवागत थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज, प्रेस क्लब के पदाधिकारी, पत्रकार, नगर के गणमान्य नागरिक एवं अन्य आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सभी उपस्थितजनों ने रामेश्वर देशमुख को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही नवागत थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं जनहितैषी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment