उजियारा अभियान के तहत अवैध अंग्रेजी शराब सप्लायर गिरफ्तार, दूसरे आरोपी को मानपुर से क्या गिरफ्तार

0

कांकेर। कांकेर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "उजियारा अभियान" के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लोहत्तर थाना पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की आपूर्ति करने वाले दूसरे आरोपी नवेश कुमार तिवारी उर्फ मंता तिवारी को मानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। विवेचना के दौरान नवेश कुमार तिवारी की संलिप्तता सामने आने पर उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना एवं सतत प्रयासों के बाद पुलिस ने उसे मानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10.2 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब तथा शराब बिक्री से प्राप्त ₹280 नकद बरामद किए थे। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, तस्करी अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125, डायल 112 या अपने निकटतम पुलिस थाना में दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment