24 घंटे में सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
धमतरी। धमतरी पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सोने की चैन, सोने की अंगूठी और नगदी बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की इस वारदात का 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा किया है।
मामले में प्रार्थी भावेश जैन ने 3 अगस्त की रात अपने सूने मकान से सोने की चैन, सोने की अंगूठी और नगदी सहित लगभग 2.29 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी होने की रिपोर्ट सिटी कोतवाली थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी के जेवर बेचने की नीयत से महिमा सागर वार्ड स्थित शराब भट्टी रोड के पास घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान गोपाल कृष्णा यादव उर्फ बिक्कू (21 वर्ष), निवासी शांति कॉलोनी चौक, धमतरी एवं ललित सोना (28 वर्ष), निवासी महंत घासीदास वार्ड, जालमपुर, धमतरी के रूप में हुई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2.10 लाख रुपये मूल्य की सोने की चैन, लगभग 7 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी तथा 300 रुपये नगद बरामद किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्वरित जांच, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका। चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया है, जबकि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
धमतरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त, प्रभावी और त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें