ऑनलाइन सट्टे का खुलासाः व्हाट्सएप के जरिए चल रहा था कारोबार, भागने से पहले आरोपी गिरफ्तार

0

कांकेर। कांकेर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए व्हाट्सएप के माध्यम से सट्टा संचालित करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल और 5 हजार रुपये नकद सहित कुल करीब 46 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गोविंदपुर खेल मैदान के पास एक युवक मोबाइल फोन और व्हाट्सएप के जरिए 'वी मटका' सहित अन्य ऑनलाइन सट्टे का कारोबार संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सद्दाम हुसैन (32 वर्ष), निवासी बागोदार, जिला कांकेर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 46 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या तस्करी, जुआ, सट्टा, ऑनलाइन सट्टेबाजी अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125, डायल 112 अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाना में दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा, ऑनलाइन सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें