*धमतरी में प्रार्थना सभा को लेकर विवाद, हिंदू जागरण मंच ने लगाया अवैध धर्मांतरण का आरोप पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति*

0
धमतरी। धमतरी शहर के वंदना विहार कॉलोनी स्थित एक घर में आयोजित कथित प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। सभा की सूचना मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के सदस्य मौके पर पहुंचे और इसका विरोध जताया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों और मंच के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई। स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।

हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने आरोप लगाया कि उक्त घर में कथित तौर पर चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी और इसे अवैध धर्मांतरण से जोड़कर जांच की मांग की गई। मंच के पुरुषोत्तम निषाद, चित्रेश साहू और डागेश्वर साहू ने दावा किया कि इसी स्थान पर दूसरी बार ऐसी सभा आयोजित किए जाने की सूचना मिली थी। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

मंच के सदस्यों ने कुछ वित्तीय लेनदेन को लेकर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लगभग 3200 बार अलग-अलग एटीएम से निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन लेनदेन का कथित धर्मांतरण से कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है। हिंदू जागरण मंच ने संबंधित लेनदेन की जांच कराने की मांग की है।

हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने प्रशासन पर मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि ऐसी गतिविधियों की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। मंच ने चेतावनी दी कि मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

मंच के सदस्यों के अनुसार, संबंधित घर में 24 लोगों के मौजूद होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन मौके पर इससे अधिक लोगों के होने का दावा किया गया। साथ ही कुछ लोगों के उत्तर प्रदेश से आने की बात भी कही गई। मंच ने बाहर से आए लोगों की पहचान और गतिविधियों की भी जांच कराने की मांग की।

हिंदू जागरण मंच ने धमतरी शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 14 स्थानों पर कथित अवैध धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाया है। संगठन ने इन आरोपों की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि कहीं भी कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

मामले को लेकर एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने बताया कि हिंदू जागरण मंच के सदस्यों द्वारा प्रार्थना सभा का विरोध किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच की। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों तथा बाहर से किसी व्यक्ति के आने को लेकर भी जानकारी ली गई और संबंधित पक्षों को स्थिति से अवगत कराया गया।

एडिशनल एसपी ने यह भी बताया कि इसी घर में पहले भी प्रार्थना सभा आयोजित होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा हर बार मौके पर पहुंचकर जांच की जाती है। यदि जांच के दौरान कोई तथ्य सामने आता है या कानून का उल्लंघन पाया जाता है, तो उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। हिंदू जागरण मंच ने पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच और कथित गतिविधियों की सत्यता सामने लाने की मांग की है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें