*तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ धमतरी पुलिस का बड़ा अभियान, COTPA एक्ट के तहत 100 प्रकरण दर्ज, 20 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई*

0
धमतरी। धमतरी जिले में तंबाकू एवं धूम्रपान उत्पादों के अवैध उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के खिलाफ धमतरी पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर COTPA (सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम) के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 100 प्रकरण दर्ज करते हुए 20 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की। पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने तथा तंबाकू उत्पादों से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और तंबाकू सेवन से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना ही नहीं, बल्कि आम लोगों, विशेषकर बच्चों और युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूक करना भी है।

धमतरी पुलिस द्वारा समय-समय पर विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव, नशामुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करें, बच्चों एवं युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रखें तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। धमतरी पुलिस ने कहा है कि तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें