बेवरती के गौठान शेड और डामर प्लांट से मोटर मशीन चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

0
कांकेर। सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने ग्राम बेवरती के गौठान शेड एवं डामर प्लांट से मोटर मशीन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से चोरी की गई विभिन्न कंपनियों की 5 मोटर मशीनें बरामद की हैं। वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार क्रमांक CG 26 E 7100 को भी पुलिस ने जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बेवरती निवासी विष्णु राम नेताम ने सिटी कोतवाली कांकेर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गौठान शेड में लगी मोटर मशीनों को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 324/2026 दर्ज कर धारा 303(2), 331(4) बीएनएस के तहत मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध चोरी की मोटर मशीनों को कबाड़ी दुकान में बेचने के लिए माकड़ी क्षेत्र में पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सुक्कु राम सोरी (55), प्रताप सिंह ठाकुर (60), सुरेश पटेल (35) और बलराम यादव (32) बताए।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने 8 सितंबर 2026 को डामर प्लांट से मोटर मशीन चोरी करने और उन्हें कबाड़ी दुकान में बेचने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 5 नग मोटर मशीनें बरामद कीं। इसके साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की ब्रेजा कार भी जब्त कर ली गई।

पुलिस जांच में चारों आरोपियों द्वारा एक राय होकर अपराध करना पाए जाने पर प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई एसपी निखिल राखेचा के निर्देशन, एएसपी योगेश साहू के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस टीम द्वारा की गई।

जब्त सामग्री 5 नग मोटर मशीनें एवं वारदात में प्रयुक्त एक सफेद रंग की ब्रेजा कार, कुल अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये।

Share this article

Show comments