चेमल माइंस में तीन मशीनों में आग, पुलिस बोली- नक्सली घटना का स्पष्ट प्रमाण नहीं
*पर्चे को लेकर भी पुलिस का बड़ा खुलासा, प्रारंभिक जांच में नक्सली पर्चा नहीं होने की बात सामने आई*
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*कांकेर ग्रामीण*
भानुप्रतापपुर लोहत्तर थाना क्षेत्र के ग्राम चेमल स्थित पुष्प स्टील माइंस में 5 अक्टूबर की रात अज्ञात लोगों द्वारा तीन चैन माउंटेन जेसीबी मशीनों में आग लगाने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं थीं, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के नक्सली वारदात होने अथवा नक्सली गतिविधि से जुड़े होने का कोई स्पष्ट प्रमाण सामने नहीं आया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही लोहत्तर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 12/2026, धारा 326(बी) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मौके से मिले पर्चे की भी जांच, नक्सली पर्चा नहीं होने की बात
घटनास्थल से मिले पर्चे को लेकर भी पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है। प्रारंभिक जांच में यह पर्चा नक्सली पर्चा नहीं होने के तथ्य सामने आए हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया है और घटना के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से अज्ञात आरोपियों की तलाश
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी, CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य उपलब्ध तथ्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर माइंस क्षेत्र में घुसकर तीन मशीनों को आग लगाने के पीछे कौन था और घटना का वास्तविक मकसद क्या था।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें