धमतरी में एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई, नर्स की मौत, तीन घायल

0
धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत संबलपुर के पास नेशनल हाईवे-30 पर रायपुर से जगदलपुर लौट रही एक एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में सवार नर्स शबनम खान (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक के परिजनों सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी राजेंद्र खत्री (72 वर्ष) को उपचार के लिए डिमरापाल से रायपुर स्थित एसएमसी अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन राजेंद्र खत्री का शव एंबुलेंस से लेकर जगदलपुर वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान धमतरी के संबलपुर के पास एंबुलेंस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में सवार नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में राजेंद्र खत्री के बेटे देवेंद्र खत्री, पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई घायल हुए हैं। तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। वहीं, मृत नर्स शबनम खान के शव को वरदान एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Share this article

Show comments