*भुरसुदा-गुजरा में पहली बार शुरू हुई धान खरीदी, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत गोवर्धन यदु*
तिल्दा-नेवरा :- छत्तीसगढ़ शासन की धान खरीदी व्यवस्था के तहत तिल्दा-नेवरा विकासखंड के ग्राम पंचायत भुरसुदा-गुजरा में इस वर्ष एक नई सहकारी समिति के माध्यम से धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया। सहकारी समिति पंजीयन क्रमांक 1084 भुरसुदा में 15 नवंबर 2026 को पहली बार धान खरीदी शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से इस क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब समिति के प्रारंभ होने से भुरसुदा, गुजरा और परसदा सहित आसपास के गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ जिला पंचायत सभापति शैल महेन्द्र साहू, सहकारी समिति के प्रथम अध्यक्ष टेकराम यदु तथा समिति प्रबंधक परमेश्वर शर्मा की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर समिती के कर्मचारी गण , किसानों एवं ग्रामीणों ने तराजू और इलेक्ट्रॉनिक कांटे की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया। केंद्र में पहले दिन ग्राम के किसान जितेन्द्र साहू एवं राधेश्याम साहू के धान की खरीदी की गई। दोनों किसानों से कुल 34 क्विंटल 80 किलोग्राम धान खरीदा गया।
इसके साथ ही समिति में पहली बार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो गई।
इस नए धान खरीदी केंद्र की स्थापना को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब तक किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूसरे केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था,
जिससे समय, परिवहन और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर खरीदी केंद्र शुरू होने से किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनकी मेहनत से उपजाई गई फसल की बिक्री आसान होगी।
शुभारंभ अवसर पर ग्राम पंचायत भुरसुदा की सरपंच सरोज वर्मा, उपसरपंच राजेश नायक, पंचायत सचिव शिव वर्मा, जनपद सदस्य सेवती बैतल साहू, सतीश वर्मा, राजेश ठाकुर भाजपा जिला प्रचार प्रसार मंत्री ,पंच दिलेश्वरी साहू, परमेश्वर साहू, भुनेश्वर बारले, सोहन वर्मा, राकेश नायक, विनोद नायक, अरुण ठाकुर, रूपेश कुमार निर्मलकर, मनोज सिन्हा, कैलाश साहू , पूर्व उपसरपंच अमरनाथ साहू , कोटवार ईश्वर, भुप्रेन्द चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में सहकारी समिति एवं धान खरीदी केंद्र की शुरुआत को किसानों के हित में एक सराहनीय पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि आगामी खरीदी सत्र में भी किसानों को समय पर और सुचारू रूप से धान बेचने की सुविधा मिलती रहेगी।
0 Comments
एक टिप्पणी भेजें