अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, भानुप्रतापपुर बस स्टैंड से दबोचा गया
कांकेर। कांकेर जिले के बान्दे थाना पुलिस ने अश्लील फोटो एवं वीडियो वायरल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी आरोपी सागर काले (29 वर्ष) को भानुप्रतापपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से मामले से संबंधित मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर थाना बान्दे में अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(3), 77, 79 तथा आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी 5 अगस्त को छत्तीसगढ़ पहुंचा है और रायपुर से पखांजूर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर बान्दे पुलिस ने विशेष टीम गठित कर भानुप्रतापपुर बस स्टैंड में घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय पखांजूर में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में कांकेर जिला जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी सागर काले, पिता आसाराम काले, निवासी ग्राम मानमोड़ो, तहसील जिंतुर, जिला परभणी (महाराष्ट्र) का रहने वाला है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामचन्द्र साहू, उप निरीक्षक विवेक वर्मा, सहायक उप निरीक्षक देवनारायण बंजारे सहित थाना बान्दे की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125, डायल 112 अथवा अपने निकटतम पुलिस थाने को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें