गांधी ग्राम कुलगांव में आयोजित हुआ विकसित कृषि संकल्प अभियान का शिविर.... कृषकों को उन्नत तकनीकी खेती एवं योजनाओं की दी गई जानकारी
कांकेर। केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में चल रहे विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कांकेर विकासखंड के ग्राम कुलगांव स्थित गांधी ग्राम शेड में कृषि जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान 29 मई से 12 जून तक संचालित हो रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, रासायनिक उर्वरकों के विकल्प, कीट नियंत्रण तथा कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देना है।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य सुश्री मृदुला भास्कर, जनपद पंचायत अध्यक्ष पूर्णिमा ईश्वर कवाड़े, उपाध्यक्ष तारूणी ठाकुर, कृषि सभापति राजेश्वरी नेताम एवं ग्राम कुलगांव की सरपंच कन्या दुग्गा उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. सी.एल. ठाकुर ने किसानों को मृदा परीक्षण, फसल चक्र, लघु धान्य फसलों के लाभ, समन्वित कीट रोग नियंत्रण आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कोमरा ने 17 प्रतिशत नमक घोल से बीज उपचार की विधि बताई।
सहायक पशु चिकित्सक डॉ. नरेंद्र कुमार राणा ने पशुपालन विभाग की राज्य एवं केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की जानकारी दी, वहीं मत्स्य निरीक्षक बिंदु नेताम ने मछली पालन से संबंधित योजनाएं साझा कीं। उद्यानिकी विभाग के धनंजय नाग ने सब्जी, फूल एवं फल उत्पादन से संबंधित योजनाओं के बारे में बताया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी श्री विकास देशमुख ने दी।
शिविर के दौरान एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजना के अंतर्गत विभागीय प्रचार-प्रसार सामग्री का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी डी.आर. कोमरा, मयाराम नेताम, जगबती भास्कर, गंगा ध्रुव, राधेलाल, बलवीर, सलमान, महेंद्र नाग, सुकलाल व हेमंत भी उपस्थित रहे।
0 Comments
Post a Comment