पैराडाइज स्कूल में मनाया गया वर्ल्ड कॉमर्स डे, छात्रों ने गुल्लक और नाटिका के ज़रिए बताया वाणिज्य का महत्व
कांकेर। पैराडाइज हायर सेकेंडरी सीबीएसई स्कूल में हायर सेकेंडरी कॉमर्स संकाय के छात्रों द्वारा विश्व वाणिज्य दिवस (World Commerce Day) हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी, लघु नाटिका, गुल्लक प्रदर्शनी और अन्य गतिविधियों के माध्यम से वाणिज्य के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के तहत दसवीं और बारहवीं कक्षा के छात्रों को चार समूहों में बाँटकर लोगो प्रश्नोत्तरी और पिरामिड प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। छात्रों ने तर्क और स्मरण शक्ति का प्रदर्शन करते हुए सवालों का सहजता से जवाब दिया। आयोजन का उद्देश्य वाणिज्य विषय के प्रति रूचि जगाना, ज्ञानवर्धन करना और सामाजिक जीवन में आर्थिक समझ को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर छात्रों ने पारंपरिक गुल्लक का प्रदर्शन करते हुए धन संचय की भारतीय परंपरा को सराहा। अंनिकेत, रौनक कवाची, नैतिक सिंह, शेख अनहफ और चेष्टा नेताम ने गुल्लक के जरिए बताया कि कैसे बचत एक मजबूत आर्थिक भविष्य की नींव है।
लघु नाटिका 'सपनों की उड़ान' के जरिए छात्रों ने आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार का संदेश दिया। नाटक में दर्शाया गया कि कोई भी व्यवसाय छोटा नहीं होता और महिलाओं की भागीदारी भी व्यवसाय जगत में अहम है। इस प्रस्तुति में रौनक कवाची, निहाल साहू, विमल भास्कर, दिपांशु मरकाम, कसिफा बानो, जैनब बानो सहित अन्य छात्रों ने शानदार अभिनय किया।
गुलाम जिलानी, आर्ची मूलचंदानी ने कार्यक्रम में वाणिज्य विषय के सामाजिक और व्यक्तिगत महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन शिखा मेहरा, निशा जायसवाल और छात्रों – सोमी कौर, कृष खरे, शुभांशी गुप्ता, नूपुर ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्य श्रीमती रश्मि रजक, एकेडमिक हेड सुनील कुमार पंडा तथा समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।


0 Comments
Post a Comment