भारतीय जनता पार्टी की कार्यशाला : आत्मनिर्भर भारत और वस्तु एवं सेवा कर सुधार पर हुआ विमर्श

0


 *भानुप्रतापपुर* 

 भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज आयोजित विशेष कार्यशाला आत्मनिर्भर भारत और वस्तु एवं सेवा कर (जी.एस.टी.) सुधार के विषय पर संपन्न हुई। इस कार्यशाला में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला की मुख्य वक्ता, भारतीय जनता पार्टी की जिला उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत कांकेर की उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर ने आत्मनिर्भर भारत के विचार को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत केवल एक आर्थिक अभियान नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के समग्र विकास का मंत्र है। जब हर गाँव अपनी आवश्यकताओं के लिए स्थानीय उत्पादन पर भरोसा करेगा, जब महिलाएँ स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से घर-घर उत्पादन कर बाज़ार में प्रतिस्पर्धा करेंगी और जब युवा नवाचार तथा नए उद्योग के माध्यम से स्थानीय से वैश्विक स्तर तक पहुँचेंगे, तभी भारत सच्चे अर्थों में आत्मनिर्भर बनेगा।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का “स्वदेशी अपनाओ” का आह्वान हमें यह सिखाता है कि हमें विदेशी उत्पादों के बजाय अपने ही देश में बने सामान को प्राथमिकता देनी चाहिए। तारा ठाकुर ने यह भी कहा कि “आत्मनिर्भर भारत अभियान से गाँव-गाँव तक रोजगार और उद्योग की नई संभावनाएँ खुलेंगी, जिससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था मज़बूत होगी, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव भी और गहरी होगी।”

वस्तु एवं सेवा कर सुधार के विषय पर ठाकुर रत्नेश सिंह ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में संपन्न छप्पनवीं परिषद बैठक में “अगली पीढ़ी वस्तु एवं सेवा कर सुधार (जी.एस.टी. 2.0)” को गति दी गई है, जिसमें कर प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सरल और नागरिक हितैषी बनाने पर बल दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब कर दरों को सीमित कर पाँच प्रतिशत और अठारह प्रतिशत दो प्रमुख श्रेणियों में रखा गया है, जबकि विलासिता की वस्तुओं और सेवाओं पर उपकर अट्ठाईस प्रतिशत तक रखा गया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य उपकरणों, जीवन बीमा, स्वास्थ्य बीमा, शिक्षा सेवाओं जैसी अनेक सेवाओं पर कर दरें घटाई गई हैं। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि कार, टेलीविजन, ए.सी., वाशिंग मशीन जैसी वस्तुओं पर अब अट्ठाईस प्रतिशत की बजाय कम दरें लागू हुई हैं, जबकि टूथब्रश जैसी रोजमर्रा की चीजों पर केवल बारह प्रतिशत वस्तु एवं सेवा कर लागू है।

मंडल अध्यक्ष डिगेश खापर्डे ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि वस्तु एवं सेवा कर सुधार और आत्मनिर्भर भारत एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि “सरकार ने तैंतीस से अधिक चिकित्सा उपकरणों पर कर में कमी की है, जीवन रक्षक दवाओं पर बारह प्रतिशत से घटाकर शून्य प्रतिशत और इंसुलिन पर पाँच प्रतिशत से घटाकर शून्य प्रतिशत कर दिया गया है। इसी तरह कृषि क्षेत्र की वस्तुएँ जैसे ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, कंबाइन मशीन पर कर बारह प्रतिशत से घटाकर पाँच प्रतिशत किया गया है। खाद्य सामग्री पर अठारह प्रतिशत से घटाकर पाँच प्रतिशत और शौचालय उपयोगी वस्तुओं पर भी बारह प्रतिशत से पाँच प्रतिशत तक कर में राहत दी गई है। ये सुधार सीधे जनता की जेब और जीवन को प्रभावित करेंगे और यही आत्मनिर्भर भारत की असली दिशा है।”

उन्होंने आगे कहा कि वस्तु एवं सेवा कर का ढाँचा अब और अधिक स्पष्ट हुआ है — राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एस.जी.एस.टी.), केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सी.जी.एस.टी.) और एकीकृत वस्तु एवं सेवा कर (आई.जी.एस.टी.) की व्यवस्था से राज्यों और केंद्र को समान राजस्व लाभ मिल रहा है। इससे व्यापारियों को पारदर्शिता और उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है। खापर्डे ने यह भी बताया कि “वर्ष 2024- 2025 में सरकार का कुल कर संग्रह बाईस लाख अस्सी हज़ार करोड़ रुपए तक पहुँच गया है, जिसमें से वस्तु एवं सेवा कर का योगदान नौ लाख सैंतालीस हज़ार करोड़ रुपए से अधिक है।”

कार्यशाला का संचालन मंडल महामंत्री राजीव श्रीवास ने किया और विषयों को क्रमबद्ध ढंग से प्रस्तुत किया। समापन अवसर पर मंडल महामंत्री गिरधारी नार्टी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ कार्यकर्ताओं को न केवल वैचारिक रूप से समृद्ध करती हैं बल्कि संगठन के एजेंडे को आम जनता तक पहुँचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस कार्यशाला में नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल सिंह राठौर, आत्मनिर्भर भारत जिला सह संयोजक अरविंद जैन,भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजा पाण्डेय, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महिला मोर्चा रजिंदर रंधावा, मंडल उपाध्यक्ष सरिता जोशी, एवं चैतूराम आचला, मंडल कोषाध्यक्ष जीवराखन सलाम, भानुप्रतापपुर मंडल मिडिया प्रभारी संतोष बाजपेयी, ललित गांधी, नरेश जैन ,मंडल महामंत्री महिला मोर्चा संगीता टांडिया, उर्मिला जसूजा, शिला ठाकुर,नगर पंचायत उपाध्यक्ष गजानंद डड़सेना, लक्ष्मण कुलदीप, हरेश उईके आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment