पैराडाइज स्कूल के कॉमर्स छात्रों का बालगृह एवं वृद्धाश्रम भ्रमण – सेवा और संवेदना का अनुभव
कांकेर। पैराडाइज हायर सेकेंडरी सी.बी.एस.ई. स्कूल, कांकेर के कक्षा 12वीं कॉमर्स वर्ग के छात्रों ने 16 सितंबर 2025 को समाज सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु स्थानीय बालगृह सिंगारभाट और नंदनमारा वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। इस शैक्षणिक यात्रा में कुल 43 छात्र-छात्राएँ शामिल हुए।
छात्रों का पहला पड़ाव बालगृह रहा, जहां बच्चों की मासूम मुस्कान और जिज्ञासा ने सभी का दिल जीत लिया। छात्रों ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उन्हें खाने-पीने की सामग्री, स्टेशनरी और खिलौने भेंट किए। यह अनुभव न केवल भावनात्मक रूप से प्रेरणादायक रहा, बल्कि छात्रों को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी बोध हुआ।
इसके बाद सभी छात्र-छात्राएँ नंदनमारा वृद्धाश्रम पहुँचे, जहां उन्होंने बुजुर्गों से मुलाकात की, उनके अनुभव सुने और उन्हें ऐसा एहसास कराया कि वे अकेले नहीं हैं। शाला परिवार की ओर से बुजुर्गों को फल, बिस्किट, नमकीन, साड़ी, बेडशीट आदि सामग्री प्रदान की गई। बुजुर्गों के चेहरों पर आई मुस्कान छात्रों और शिक्षकों के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार साबित हुई।
इस सामाजिक यात्रा ने छात्रों को मानवीय मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से रूबरू कराया। सभी छात्र-छात्राओं ने यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे कार्यों में भाग लेंगे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर मार्गदर्शक शिक्षक योगेश रजक, शिखा मेहरा और अवतार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्य रश्मि रजक, उप प्राचार्य डॉ. श्रेष्ठिता चंदा, कोऑर्डिनेटर एम. भुवनेश्वरी एवं वरिष्ठ शिक्षकगणों का विशेष सहयोग रहा।
यह भ्रमण न केवल छात्रों के लिए अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ बल्कि समाज सेवा के प्रति नई सोच और जिम्मेदारी की प्रेरणा भी प्रदान की।



0 Comments
Post a Comment