चवाड़ में संपन्न हुआ वूशु लीग महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
कांकेर।
ग्रामीण अंचल में प्रतिभा और परिश्रम का संगम दिखा जब कांकेर जिले के ग्राम पंचायत चवाड़ में पहली बार वूशु लीग का सफल आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में 35 से अधिक महिला खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी जुझारू प्रतिभा और फाइटिंग स्पिरिट से सबका मन जीता।
इस आयोजन का नेतृत्व नेशनल वूशु सिल्वर मेडलिस्ट राधिका कुंजाम ने किया। राधिका और ग्रामवासियों के अथक प्रयास से ग्रामीण क्षेत्र में यह आयोजन संभव हो पाया। यह कार्यक्रम "खेलो इंडिया महिला लीग" के तहत आयोजित किया गया, जो महिलाओं और लड़कियों के बीच खेलों को प्रोत्साहन देने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
अस्मिता वूशु लीग का उद्देश्य महिलाओं को खेलों के माध्यम से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है। “अस्मिता” का अर्थ है ‘महिलाओं को प्रेरित कर उपलब्धि हासिल करना’, जिसके अंतर्गत युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें, यही इसका मुख्य लक्ष्य है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने वूशु की रिंग में शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री अजय कुमार मंडावी (काष्ठ कला), जनपद सदस्य सुश्री शिल्पा साहू, सरपंच खम्मन कांगे, अधीक्षिका नीलम नेवरा, आरती बघेल, सुनीता यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ वूशु संघ के प्रेसिडेंट डी.जी.पी. संजय पिल्ले (आई.पी.एस.), सेक्रेटरी डी. कोंडैया, भरतलाल साहू और खिलेश बरिहा ने आयोजन की सफलता पर खुशी व्यक्त की और राधिका कुंजाम व सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि यदि जज़्बा और इच्छाशक्ति हो तो ग्रामीण क्षेत्र की बेटियाँ भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं।


0 Comments
Post a Comment