कन्हार गांव में PMGSY सड़क पर अवैध ‘पहाड़नुमा’ ब्रेकर से राहगीर परेशान, दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ भानुप्रतापपुर से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*भानुप्रतापपुर*
कन्हार गांव में PMGSY के तहत बनी मुख्य सड़क पर अवैध रूप से तैयार किया गया अत्यधिक ऊँचा स्पीड ब्रेकर इन दिनों लोगों की मुसीबत का कारण बन गया है। बीच सड़क पर बनाए गए इस ‘पहाड़नुमा’ ब्रेकर से रोजाना दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह ब्रेकर सड़क सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन है। अचानक और अनियमित ऊँचाई वाला यह टीला-नुमा स्पीड ब्रेकर शाम और रात के समय दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालक संतुलन खो देते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। कई बार वाहन उछलकर गिरने से लोग मामूली चोटें भी खा चुके हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि ऐसा लगता है मानो यह ब्रेकर सुविधा के बजाय असुविधा पैदा करने और अनजाने में हादसों को आमंत्रित करने के इरादे से बनाया गया हो। सड़क पर आवागमन करने वाले बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और महिलाओं को भी इस ब्रेकर के कारण काफी परेशान होना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जनहित में इस अवैध और खतरनाक ब्रेकर को तत्काल हटाने की मांग की है, ताकि लोगों की आवाजाही सुरक्षित और सुचारू रूप से जारी रह सके। संबंधित विभाग से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।


0 Comments
Post a Comment