उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समाजसेवी अजय पप्पू मोटवानी को किया सम्मानित
काँकेर। जिले में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अजय उर्फ पप्पू मोटवानी को सम्मानित किया गया। यह सम्मान न्यूज़ चैनल 18 (मध्य प्रदेश–छत्तीसगढ़) के विशेष कार्यक्रम “विज़नरीज़ बस्तर” के अंतर्गत प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शहर के न्यू माकड़ी होटल में किया गया, जहां बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अजय पप्पू मोटवानी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले व्यक्तियों के कारण ही समाज में सकारात्मक बदलाव संभव हो पाता है। उन्होंने मोटवानी के दो दशकों से निरंतर किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
अजय पप्पू मोटवानी पिछले लगभग 20 वर्षों से विभिन्न सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। जरूरतमंदों की सहायता, सामाजिक समरसता, जनकल्याण के कार्यों तथा आपदा की घड़ी में सहयोग के लिए वे क्षेत्र में विशेष रूप से जाने जाते हैं। उनके कार्यों का दायरा शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सहयोग तक विस्तृत रहा है।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के पश्चात शहर के नागरिकों, शुभचिंतकों और मित्र मंडली ने मोटवानी को इस उपलब्धि पर बधाइयां प्रेषित कीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम “विज़नरीज़ बस्तर” का उद्देश्य बस्तर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को मंच प्रदान कर उन्हें सम्मानित करना है। इस सम्मान से न केवल मोटवानी का मनोबल बढ़ा है, बल्कि क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी समाजसेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी।


0 Comments
Post a Comment