अंबिकापुर में पत्रकारों पर हमले के विरोध में दुर्ग में पत्रकारों का आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
दुर्ग:-सरगुजा जिले के अंबिकापुर में भाजपा नेताओं द्वारा दो पत्रकारों के साथ मारपीट एवं जातिसूचक गाली-गलौज किए जाने की घटना को लेकर दुर्ग जिले के पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन दुर्ग इकाई ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दुर्ग कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस प्रकार का हमला अत्यंत निंदनीय एवं अस्वीकार्य है। पत्रकारों के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है तथा दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यह घटना सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित लक्ष्मी नारायण अस्पताल में ट्रांसफार्मर हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान घटी। इस दौरान भाजपा नेताओं द्वारा डॉक्टरों की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई तथा मौके पर कवरेज कर रहे दो पत्रकारों के साथ जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। घटना के समय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद था।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर आरोपियों पर ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
यूनियन ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल दो पत्रकारों की नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज की गरिमा, सुरक्षा और स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ मामला है।
छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।अपना विरोध दर्ज करने वाले छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन के दुर्ग जिला अध्यक्ष शमशेर खान,महासचिव रवि कुमार,उपाध्यक्ष मो.नसीम फारूकी,श्रीकांत दास कुर्रे,पवन साहू,लोकेश साहू,रोहितांश भुवाल,मो इम्तियाज़ मंसूरी,धर्मेंद्र गुप्ता, जॉन प्रसाद,जितेंद्र गुरूपंच,श्लेष शुक्ला,राहुल साहू,प्रशांत सिह राजपूत समेत कई पत्रकार मौजूद रहे,,,


0 Comments
एक टिप्पणी भेजें