कांकेर में शांति समिति की बैठक: त्यौहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील
स्थान कांकेर
रिपोर्टर वीरेन्द्र यादव
कांकेर। आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा की उपस्थिति में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कलेक्टर ने कहा कि आगामी दिनों में होली, रंग पंचमी, ईद-उल-फितर, चेट्रीचंड, गुड़ी पड़वा, रामनवमी, महावीर जयंती, अम्बेडकर जयंती, गुड फ्राइडे, माता कर्मा जयंती और चैतरई जैसे महत्वपूर्ण पर्व मनाए जाएंगे। उन्होंने अपील की कि सभी समुदाय के लोग पूर्व वर्षों की भांति आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ त्यौहार मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि अधिकांश अप्रिय घटनाएं नशे की स्थिति या अवांछित हुड़दंग के कारण होती हैं, इसलिए सभी वर्गों को जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करना चाहिए। त्यौहार हर्ष और उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन किसी भी प्रकार की प्रतिकूल परिस्थिति उत्पन्न न होने दें।
पुलिस अधीक्षक राखेचा ने चेतावनी दी कि स्पीड बाइकिंग और प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर तत्काल संपर्क करने या वीडियो/फोटो भेजने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा डीजे और साउंड सिस्टम निर्धारित डेसिबल सीमा में ही बजाएं।
होलिका दहन से पूर्व निकलेगा संयुक्त मार्च
बैठक में सुझाव दिया गया कि सड़कों के किनारे अस्थायी दुकानें न लगाई जाएं और होली व रंग पंचमी पर अतिरिक्त जलापूर्ति की व्यवस्था की जाए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा जबरन रंग लगाने वालों पर कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
एसडीएम कांकेर अरूण वर्मा ने एजेण्डावार जानकारी देते हुए कहा कि बिना अनुमति किसी पर रंग-गुलाल न लगाएं, जबरन चंदा वसूली न करें, बाइक पर दो से अधिक सवारी न बैठें तथा नशे में वाहन न चलाएं। होलिका दहन खुले स्थान पर किया जाए और किसी निजी या शासकीय संपत्ति को नुकसान न पहुंचाया जाए। परीक्षार्थियों और धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वाले लोगों का विशेष ध्यान रखा जाए।
सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट खबरें साझा न करने और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन न करने की भी अपील की गई। होलिका दहन के पूर्व जिला प्रशासन, पुलिस, राजस्व एवं नगरीय निकाय द्वारा शहर के मुख्य मार्गों पर संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला जाएगा।
बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे और शांतिपूर्ण आयोजन का भरोसा दिलाया।
बाइट: योगेश साहू, एडिशनल एसपी।


0 Comments
एक टिप्पणी भेजें