केंवटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुष चिकित्सक की अनुपस्थिति से मरीज परेशान
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*भानुप्रतापपुर*
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केंवटी में पदस्थ आयुष विभाग के डॉ डीके सोनी की ड्यूटी में कथित लापरवाही को लेकर क्षेत्र के मरीजों द्वारा लगातार शिकायत की जा रही है। शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीण अभिषेक सिंह ने बताया डॉ सोनी आए दिन ड्यूटी पर अनुपस्थित रहते हैं ।
और अक्सर यह कहकर जानकारी दी जाती है कि वे जिला मुख्यालय किसी कार्य से गए हैं। 23 फरवरी को जिला में ओपीडी रजिस्टर लेने कांकेर जाने की बात कही गई, जबकि उस दिन वे केंवटी ड्यूटी पर पहुंचे ही नहीं थे। वहीं 27 फरवरी को भी बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गायब रहे। अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ करने पर बताया गया कि डॉक्टर द्वारा कोई अवकाश आवेदन नहीं दिया गया है।
बताया जाता है डॉ. सोनी कांकेर से बस द्वारा भानुप्रतापपुर पहुंचते हैं और वहां से बाइक से केंवटी जाते हैं। ड्यूटी समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है, ग्रामीणों का आरोप है कि वे प्रायः साढ़े 11 से 12 बजे के बीच पहुंचते हैं और दोपहर 3 बजे तक वापस निकल जाते हैं। मरीजों द्वारा फोन पर संपर्क करने पर कभी किसी गांव में होने, तो कभी टीकाकरण कार्य में व्यस्त होने की जानकारी दी जाती है, जिससे मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ता है।
अलग बनाया गया उपस्थिति रजिस्टर
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों के लिए एक ही उपस्थिति रजिस्टर होना चाहिए, किंतु यहां दो अलग-अलग रजिस्टर संचालित किए जा रहे हैं। इससे उपस्थिति और ड्यूटी समय को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बाहर जाते समय भी संबंधित अधिकारी को सूचित नहीं किया जाता, जबकि पेडाटा खंड चिकित्सा अधिकारी भानुप्रतापपुर के माध्यम से भेजा जाता है। ऐसे में अलग-अलग उपस्थिति रजिस्टर बनाए जाने पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शचेन्द्र गोटा ने बताया शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित चिकित्सक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा तथा उपस्थिति रजिस्टर एकीकृत कर आने-जाने का समय भी दर्ज किया जाएगा।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. ललिता शर्मा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कराई जाएगी और व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।


0 Comments
एक टिप्पणी भेजें