दूधनदी पुराने पुल की टूटी रेलिंग की मरम्मत,“जन सहयोग” का सराहनीय प्रयास
काँकेर। शहर की लोकप्रिय समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” ने जनहित में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नेशनल हाईवे पर स्थित दूधनदी के पुराने पुल की जर्जर व टूटी रेलिंग की मरम्मत कर दी। लंबे समय से पुल किनारे लगी रेलिंग क्षतिग्रस्त थी, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के नदी में गिरने का खतरा बना हुआ था। साथ ही पैदल यात्रियों और दोपहिया चालकों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने सदस्यों के साथ स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण में रेलिंग की स्थिति अत्यंत खतरनाक पाई गई। इसके बाद अध्यक्ष के नेतृत्व में सदस्यों ने श्रमदान करते हुए बाँस-बल्लियों आदि की सहायता से रेलिंग के टूटे हिस्सों को जोड़कर उसे अस्थायी रूप से मजबूत कर दिया।
अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने कहा कि पुल के किनारे इस प्रकार की टूटी रेलिंग कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी। नदी का तल काफी गहरा होने के कारण किसी भी हादसे में जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि रेलिंग से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें, ताकि भविष्य में कोई अनहोनी न हो।
इस पुण्य कार्य में धर्मेंद्र देव, डॉ. श्याम देव, करण नेताम, शैलेंद्र देहारी, अजय पांडे और अखिलेश साहू सहित अन्य समाजसेवियों ने सक्रिय रूप से श्रमदान किया। संस्था के इस प्रयास की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।



0 Comments
Post a Comment