महासमुंद में बड़ा हादसा: खल्लारी माता मंदिर रोपवे टूटा, 1 महिला की मौत, 8 घायल*
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
महासमुंद (छत्तीसगढ़) जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खल्लारी माता मंदिर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं को ले जा रहा रोपवे अचानक टूट गया, जिससे एक महिला की मौत की खबर सामने आई है, जबकि 8 लोग घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोपवे के दोनों केबिन में कुल करीब 13 श्रद्धालु सवार थे। लौटते समय लगभग 200 से 300 फीट की ऊंचाई पर रोपवे का तार टूट गया, जिससे केबिन झटका खाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 5 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए बागबाहरा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
बताया जा रहा है कि करीब 4 हजार फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित इस मंदिर तक पहुंचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रोपवे का उपयोग करते हैं। यह रोपवे डिजर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित किया जाता है।
हादसे के बाद रोपवे के रखरखाव (मेंटेनेंस) को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं।



0 Comments
Post a Comment