जन सहयोग संस्था ने किया 161वीं लावारिस लाश का अंतिम संस्कार, सेवा कार्य की हो रही सराहना

0


 कांकेर: शहर की सुप्रसिद्ध समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सोमवार सुबह एक और लावारिस शव का विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया। संस्था द्वारा यह 161वीं लावारिस लाश का अंतिम संस्कार है, जिसे वर्षों से निरंतर किया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, रविवार को थाना कोतवाली प्रभारी द्वारा संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी को एक पत्र भेजकर करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति के शव के कफ़न-दफ़न की अपील की गई थी। यह शव माकड़ी खुना गांव के पास माकड़ी हाईवे से लगभग एक किलोमीटर दूर बागड़ पहाड़ी के नीचे राधेश्याम के खेत के पास मिला था।



मृतक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पोस्टमार्टम के उपरांत शव को फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया था। पुलिस के अनुरोध पर जन सहयोग संस्था ने जिम्मेदारी लेते हुए सोमवार सुबह पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया।


इस सेवा कार्य में अजय पप्पू मोटवानी के साथ मनोज दुबे, राजेश चौहान, करण नेताम, शैलेंद्र देहारी, श्रीराम पटेल, राकेश रजक, अभिषेक नागवंशी, प्रभु सलाम, पप्पू साहू, नायब तहसीलदार अभिषेक देवांगन, प्रधान आरक्षक शिवकुमार विसरे एवं त्रिलोचन यादव का विशेष सहयोग रहा।


गौरतलब है कि संस्था पिछले 23 वर्षों से बिना किसी चंदे के लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर रही है। अब तक 161 शवों की अंत्येष्टि की जा चुकी है, जिनमें कई नक्सलियों के शव भी शामिल हैं। इस मानवीय पहल की आम जनता द्वारा सराहना की जा रही है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment