बिजली के बढ़े बिलों से परेशान किसान कलेक्ट्रेट पहुँचे, सौंपा ज्ञापन

0

कांकेर। बिजली के बढ़े हुए बिलों से परेशान किसानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और समस्या के त्वरित समाधान की मांग की। किसानों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र के लिए लागू कृषक जीवन ज्योति योजना एवं अन्य रियायती कृषि विद्युत योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर नहीं मिल पा रहा है।


किसानों का कहना है कि कई स्थानों पर 3 एचपी कृषि पंप कनेक्शन होने के बावजूद अत्यधिक बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। फ्लैट रेट अथवा निर्धारित सीमा के अनुरूप बिलिंग नहीं होने से किसानों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं का उद्देश्य सस्ती और सुचारु बिजली उपलब्ध कराना है, लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरीत है।


इस संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ आदिवासी नेता सरजू शोरी ने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से किसानों में कर्ज और मानसिक तनाव की समस्या बढ़ रही है। सीमांत और छोटे किसानों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि उनकी आय सीमित है और बढ़े हुए बिजली बिलों का भुगतान करना उनके लिए कठिन हो रहा है।


ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की है कि सभी बिजली बिलों की दोबारा जांच कराई जाए तथा जहां भी त्रुटि हो, उसे तत्काल सुधारते हुए राहत प्रदान की जाए। इस दौरान मोती साहू, बिंदु मांडवी, चमन साहू, इंद्रेश यादव, धनराज यादव, संत यादव, भीम स्वर्ण एवं प्रमोद निर्मलकर सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment