उदय नगर में ₹30 लाख के सामुदायिक भवन का लोकार्पण, विधायक ने बोर खनन की घोषणा की
कांकेर | रिपोर्टर – वीरेन्द्र यादव
नगर पालिका परिषद कांकेर के वार्ड क्रमांक 02, उदय नगर में ₹30 लाख की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन (सांस्कृतिक भवन) का भव्य लोकार्पण शुक्रवार को संपन्न हुआ। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और विधायक निधि के संयुक्त सहयोग से बने इस भवन में आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है।
निर्मित भवन में विशाल हॉल, मंच, कक्ष, शौचालय एवं बाउंड्री वॉल गेट जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक बेहतर स्थान मिल सकेगा।
वार्डवासियों को मिली बड़ी राहत
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि लंबे समय से सामुदायिक भवन के अभाव में शादी-ब्याह और अन्य कार्यक्रमों के लिए उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार मजबूरी में सड़क किनारे आयोजन करना पड़ता था। अब इस भवन के निर्माण से उनकी बड़ी समस्या का समाधान हो गया है। वार्डवासियों ने शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका का आभार जताया।
विधायक ने की नई घोषणा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि इस भवन की मांग पूर्व पार्षद विजयलक्ष्मी कौशिक द्वारा उठाई गई थी, जिसे अब पूरा किया गया है। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक द्वारा प्रस्तुत मांग पर विधायक ने सामुदायिक भवन परिसर में बोरवेल खनन कराने की घोषणा भी की।
गणमान्य जन रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, मछुआ कल्याण बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा, हस्तशिल्प विकास बोर्ड अध्यक्ष शालिनी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष महेश जैन, उपाध्यक्ष उत्तम यादव सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के अंत में पार्षद चंद्रलोक सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं सभी उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


0 Comments
Post a Comment