पैराडाइज स्कूल में “पृथ्वी दिवस” पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, बच्चों ने दिए जागरूकता के संदेश
कांकेर।
पैराडाइज हायर सेकेंडरी सीबीएसई स्कूल में “पृथ्वी दिवस” बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
कार्यक्रम के तहत प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने घर पर रहकर ड्रॉइंग, पेंटिंग और मॉडल के माध्यम से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने “हमारी धरती, हमारा भविष्य”, “पेड़ लगाओ, धरती बचाओ”, “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” जैसे विषयों पर आकर्षक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं।
छात्रों ने अपने घरों में गमलों में पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया तथा किचन गार्डन की साफ-सफाई कर पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य रश्मि रजक ने कहा कि पृथ्वी हमें जीवन, शुद्ध वायु, स्वच्छ जल और सुंदर वातावरण प्रदान करती है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जंगलों की कटाई और जल संकट जैसी समस्याएं चिंताजनक हैं, जिनके समाधान के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने पेड़ लगाने, पानी-बिजली की बचत करने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर अनिल कुमार ढाके, ऐश्वर्या साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।
“पृथ्वी हमारी नहीं है, हम पृथ्वी के हैं” – इसी भावना के साथ बच्चों और शिक्षकों ने पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।


0 Comments
Post a Comment