रेत खदान विवाद: कांग्रेस कार्यकर्ता सोपसिंह आंचला पर ग्रामीणों का आरोप, विधायक पर भी उठे सवाल
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ जिला उत्तर बस्तर कांकेर ग्रामीण से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*भानुप्रतापपुर*
दुर्गूकोंदल विकासखंड के ग्राम डंडईखेडा में रेत खदान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने कांग्रेस कार्यकर्ता सोपसिंह आंचला पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदेश नेतृत्व से सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं इस पूरे मामले में विधायक सावित्री मंडावी की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम गुडुम (फितेपुर) क्षेत्र में संचालित शासकीय रेत खदान से स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है। इसके बावजूद आरोप है कि सोपसिंह आंचला द्वारा खदान कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप कर विरोध किया जा रहा है और अवैध वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं, और आरोप है कि विधायक सावित्री मंडावी द्वारा उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सोपसिंह आंचला के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वे कांग्रेस पार्टी का समर्थन बंद कर देंगे। साथ ही विधायक की भूमिका की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि क्षेत्र में शांति और विकास कार्य प्रभावित न हों।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी को भी भेजी गई है।


0 Comments
Post a Comment