अतिक्रमण और बिजली समस्या को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

0


कांकेर: कांकेर में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर शहर एवं ग्रामीण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घड़ी चौक में एकत्र होकर विरोध जताया और उप मुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा लगातार बढ़ रहा है। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ राज्य मत्स्य बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा पर आरोप लगाते हुए कहा गया कि उन्हें आवंटित 76 वर्गमीटर भूमि से अधिक लगभग 112 वर्गमीटर क्षेत्र पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है। आरोप है कि इस दौरान पेड़ों की कटाई भी की गई है, जबकि तहसीलदार न्यायालय द्वारा 13 अप्रैल 2026 को निर्माण पर रोक लगाने का आदेश जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से जनता में आक्रोश है।


कांग्रेस ने मांग की है कि उक्त निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, अवैध निर्माण को हटाया जाए और पेड़ कटाई के मामले में वन अपराध दर्ज किया जाए। साथ ही शिव नगर वार्ड सहित अन्य क्षेत्रों में भी भाजपा नेताओं पर शासकीय भूमि पर कब्जा करने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली बाधित हो रही है, लो वोल्टेज और फुल्चुएशन से उपभोक्ता परेशान हैं। शिकायत के दौरान विभागीय अधिकारियों के फोन बंद रहने और बिना सूचना लंबे समय तक बिजली कटौती होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।


मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार श्री देवांगन और बिजली विभाग के सहायक अभियंता ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।


इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव, प्रदेश सचिव जितेंद्र सिंह ठाकुर, शहर अध्यक्ष यासीन कराणी, ग्रामीण अध्यक्ष लोमेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment