कलेक्टर ने लिया कोयलीबेड़ा के अंदरूनी क्षेत्रों का जायजा, ₹11 करोड़ के मेडकी नदी पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश*

0


कोयलीबेड़ा /कांकेर जिला कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज विकासखंड कोयलीबेड़ा के धुर अंदरूनी और संवेदनशील क्षेत्रों का सघन दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, सड़कों और निर्मित व निर्माणाधीन पुल-पुलियों का जमीनी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद तकनीकी अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि सभी निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।


कलेक्टर श्री निलेशकुमार और जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी व बहुप्रतीक्षित मांग, मेडकी नदी पर बन रहे उच्च स्तरीय पुल का बारीकी से मुआयना किया।


इस पुल का निर्माण सेतु निर्माण विभाग द्वारा ₹11 करोड़ की लागत से किया जा रहा है।


इस पुल के चालू होने से ग्राम पानीडोबीर और आस-पास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को बारहमासी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।



वर्तमान में इस नदी पर केवल एक रपटा (कॉजवे) बना हुआ है। इसके कारण हर साल मानसून के दौरान बाढ़ आने से इस पूरे अंदरूनी इलाके का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट जाता है। कलेक्टर ने बारिश शुरू होने से पहले काम में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।


मेडकी नदी के निरीक्षण के बाद अधिकारियों का दल पानीडोबीर मार्ग की ओर रवाना हुआ। वहां कलेक्टर ने मार्ग पर हाल ही में बनकर तैयार हुईं दो पुलियों का अवलोकन किया। इसके तुरंत बाद, उन्होंने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'नियाद नेल्लानार' (आपका अच्छा गांव) योजना के तहत क्लस्टर ग्राम पानीडोबीर में बन रहे एक अन्य निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण कर कार्य की प्रगति जांची।


अंदरूनी क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन और बैंकिंग सुविधाओं को सुदृढ़ करने के प्रयासों के तहत, अधिकारियों ने पानीडोबीर में हाल ही में खुली एक्सिस बैंक की नई शाखा का दौरा किया। ग्रामीणों की मांग पर खोली गई इस शाखा में पहुंचकर कलेक्टर ने शाखा प्रबंधक से स्थानीय लोगों को मिल रही सुविधाओं और बैंक खातों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बैंकिंग प्रणाली की सक्रियता और नेटवर्क की जांच करने के लिए कलेक्टर ने स्वयं बैंक के एटीएम में जाकर अपना ट्रांजेक्शन स्टेटमेंट चेक किया।


इस महत्वपूर्ण निरीक्षण दौरे के दौरान एसडीएम पखांजूर श्री मनीष देव साहू, जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा के सीईओ सहित सेतु निर्माण और लोक निर्माण विभाग के अभियंता व मैदानी कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment